नई दिल्ली :- इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा– पीएम मोदी से उनके रिश्ते राजनीति से अलग हैं। इंटरव्यू में उन्होंने पीएम मोदी से दिवाली और गुजराती नए साल की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान पर उठे विवाद पर हैरानी जताई है।
पित्रोदा ने कहा कि निजी रिश्तों को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से अलग रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा– मोदी हमेशा उनके और उनकी पत्नी के प्रति गर्मजोशी और अपनापन दिखाते रहे हैं। मैं आपसे असहमत हो सकता हूं और फिर भी आपके साथ कॉफी पी सकता हूं। पित्रोदा ने राहुल के फोन टेपिंग के आरोपों पर कहा कि राहुल की तरह उनका भी फोन टेप हो रहा है।
सैम बोले- भारत को लेकर मेरी सोच अलग
पित्रोदा ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ उनके निजी संबंध अच्छे हो सकते हैं, लेकिन राजनीतिक और वैचारिक मतभेद बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीति के आगे धर्म को नहीं रखना चाहिए। प्रधानमंत्री सभी का होता है और उसे मंदिरों व पूजा-पाठ पर इतना समय नहीं देना चाहिए।उन्होंने यह भी साफ किया कि शुभकामनाओं का आदान-प्रदान कांग्रेस और भाजपा के बीच रिश्ते सुधारने की कोशिश नहीं थी। यह सिर्फ सैम पित्रोदा और नरेंद्र मोदी के बीच निजी बातचीत थी।
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप पर भी बोले
पित्रोदा ने राहुल गांधी के फोन निगरानी संबंधी आरोपों पर कहा कि उनके फोन और डिवाइस पर भी लगातार हमले होते हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इसके पीछे कौन है।राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर उन्होंने कहा कि वहां वे छात्रों और थिंक टैंक से मिलते हैं। कांग्रेस का कोई भारत-विरोधी एजेंडा नहीं है। पार्टी लोकतंत्र, विविधता और समावेश पर जोर देती है।






