spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

लापरवाही दो बीएलओ पर पड़ी भारी

नागपुर :-  विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में बेलतरोड़ी पुलिस ने बेसा-पिपला नगर पंचायत के दो बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चुनाव आयोग के आदेश के बावजूद ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने से मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम प्रभावित होने का आरोप दोनों पर लगाया गया है।

जिन दो बीएलओं के खिलाफ यह कार्रवाई की गई उनकी पहचान विजय आमले और विजय करणाके के रूप में हुई है। बेसा-पिपला नगर पंचायत के कर एवं प्रशासनिक अधिकारी अजय अशोक वाघमारे (45) की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एसआईआर अभियान के लिए दोनों की बीएलओ के रूप में नियुक्ति की गई थी और उन्हें 30 जून 2026 से काम शुरू करने के स्पष्ट निर्देश दिये गये थे। हालांकि, आदेश के बावजूद दोनों ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए।

संबंधित अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने कई बार उनके घर जाकर संपर्क किया। इस दौरान दोनों ने ‘आज आता हूं, कल आता हूं’ कहकर काम से बचने का प्रयास किया। इससे पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस और अंतिम नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके चलते विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम गंभीर रूप से प्रभावित होने की बात सामने आई। शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने मतदाता सूची तैयार करने के लिए सौंपे गए आधिकारिक कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक रामेश्वर दत्ताराव कांडुरे कर रहे हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.