spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नई शिक्षा नीति : यूनिवर्सिटी में यूजी एडमिशन शुरू

– 3 से 2० जून तक आवेदन, 22 जून को मेरिट लिस्ट और 23 जून से प्रवेश होंगे

नागपुर :- लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय द्वारा संलग्नित महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया घोषित कर दी गई. इस बार प्रथम वर्ष के प्रवेश नई शिक्षा नीति के अनुसार किए जाएंगे. इसमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, डिग्री और ऑनर्स रिसर्च के4 चरण हैं. यह एनईपी की पहली बैच होगी. गत वर्ष की तरह ही इस बार भी कॉलेज स्तर पर ही प्रवेश होंगे.

विश्वविद्यालय में पंजीयन की आवश्यकता नहीं होगी. विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार बीए, बीकॉम, बीएससी सहित अन्य अव्यावसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष प्रवेश प्रक्रिया जून से शुरू होगी. विद्यार्थियों को 3 जून से संबंधित महाविद्यालयों में प्रवेश पुस्तिका एवं आवेदन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, इसी दिन से प्रवेश आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया भी प्रारंभ होगी जो 2० जून तक जारी रहेगी.

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया पुरी होने के बाद 22 जून को महाविद्यालयों द्वारा गुणवत्ता सूची (मेरिट लिस्ट) और प्रतीक्षा सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश 23 जून से 4 जुलाई तक किए जाएंगे. वहीं प्रतीक्षा सूची के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया 5 से 8 जुलाई तक संचालित की जाएगी.

बची सीटों पर स्पॉट एडमिशन

नागपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने महाविद्यालयों को आवश्यकता पडऩे पर समुपदेशन (काउंसलिंग) तथा स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया आयोजित करने की भी अनुमति दी है, ताकि रिक्त सीटों को समय पर भरा जा सके और विद्यार्थियों को प्रवेश में किसी प्रकार की कठिनाई न हो. विश्वविद्यालय की ओर से जारी शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार सभी महाविद्यालयों को 3 अगस्त 2०26 तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी. इसके बाद किसी भी प्रकार के नियमित प्रवेश को मान्यता नहीं दी जाएगी.

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजू हिवसे तथा महाविद्यालयीन विकास विभाग के उपकुलसचिव डॉ. राजेंद्र उतखेड़े ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया है. साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों से समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील भी की गई है, ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके.

इस प्रक्रिया में छात्रों की भागदौड़ बढ़ेगी

विश्वविद्यालय से संलग्नित महाविद्यालयों की संख्या करीब 512 है. इनमें विज्ञान संकाय में करीब 3० हजार सीटें उपलब्ध हैं, कहीं कॉमर्स में करीब 25,००० और कला संकाय में करीब 4०,००० सीटें उपलब्ध हुई हैं. कॉलेज स्तर पर प्रवेश होने से शिक्षा संस्थाओं के लिए आसानी हो गई है. उन्हें अधिकाधिक प्रवेश कराने में सुविधा होगी लेकिन इस प्रक्रिया में छात्रों की भागदौड़ बढऩा तय है.

कई छात्रों को एक से अधिक महाविद्यालयों में आवेदन करना होगा, क्योंकि अंकों के आधार पर उसे लगता है संबंधित कॉलेज में उसका नंबर नहीं लग पाएगा तो उसे विकल्प की तलाश में भागदौड़ करना ही होगा. अन्यथा प्रवेश से वंचित रहने की नौबत आ सकती है.

एडमिशन शेड्यूल इस तरह

3 जून से कॉलेजों में आवेदन होंगे उपलब्ध.

2० तक भरना होगा फॉर्म.

22 जून को घोषित होगी मेरिट सूची.

23 जून से चयनित छात्र ले सकेंगे प्रवेश.

5 जुलाई से प्रतीक्षा सूची के प्रवेश होंगे.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.