नागपुर :- राजभाषा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मानव संसाधन विकास विभाग में आज एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में मुख्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं विभागाध्यक्ष (राजभाषा) पी. नरेंद्र कुमार तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) यू. सी. गुप्ता व वरिष्ठ साहित्यकार व नियोग थेरेपिस्ट डॉ. प्रवीण डबली उपस्थित रहे। अपने संबोधन में महाप्रबंधक (राजभाषा) ने कहा कि कार्यशालाओं से प्राप्त जानकारी का उपयोग कार्यालयीन कार्यों में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए किया जाना चाहिए तथा सीखी गई बातों को अन्य सहकर्मियों तक भी पहुँचाना चाहिए।

प्रथम सत्र में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. प्रवीण डबली ने कार्यालयीन कामकाज में हिंदी का प्रयोग विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने तकनीकी शब्दावली और कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में आयकर विभाग के उपनिदेशक (राजभाषा अनिल त्रिपाठी ने राजभाषा में तकनीकी टूल के प्रयोग पर जानकारी साझा की।
तृतीय सत्र में व्ही.एन.आई.टी. के ओएसडी (हिंदी) सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग में आने वाली कठिनाइयाँ एवं उनके समाधान विषय पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला का संचालन अनुवादक (राजभाषा) दीपक सिंह चौहान ने किया।








