spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नागपुर में 100 एकड़ में बनेगा ‘पल्स प्रोटीन पार्क’

– 500 करोड़ के निवेश को सीएम की मंजूरी, किसानों और युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

नागपुर :- नागपुर में 100 एकड़ क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के निवेश से ‘पल्स प्रोटीन पार्क’ स्थापित करने की योजना है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस महत्वाकांक्षी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे नागपुर को वैश्विक स्तर पर प्रोटीन उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने उद्योग विभाग के प्रधान सचिव को भेजे पत्र में नागपुर में इस परियोजना की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख किया है। प्रस्तावित पार्क में दालों के प्रसंस्करण के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर उच्च मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इनमें दालों का आटा, प्रोटीन कॉन्संट्रेट, प्रोटीन आइसोलेट और पौधों से तैयार होने वाले वैकल्पिक खाद्य उत्पाद शामिल हैं।

किसानों और उद्योगों को मिलेगा लाभ

इस परियोजना से किसानों, कृषि उत्पादक संगठनों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए नए अवसर निर्माण होने की उम्मीद है। प्रस्तावित पार्क से किसानों, दाल प्रसंस्करण इकाइयों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप, विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों को जोड़ने की योजना है।

पार्क में उत्पादों की गुणवत्ता जांच, इनक्यूबेशन और आधुनिक तकनीक हस्तांतरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) में पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी है।

वैश्विक प्रोटीन उद्योग में पहचान बनाने का लक्ष्य

मिहान इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर भोजवानी के अनुसार, पल्स प्रोटीन पार्क महाराष्ट्र के कृषि और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे दालों का मूल्यवर्धन होगा और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।

दालों से उच्च मूल्य वाले प्लांट-बेस्ड प्रोटीन उत्पाद तैयार कर महाराष्ट्र को वैश्विक स्मार्ट प्रोटीन उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है।

Popular Articles