spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

धंधा हो रहा चौपट

– नागपुर शहर में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3,291 पर पहुंचा  

नागपुर :- कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने सोमवार को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 43.50 की वृद्धि कर दी। इसके साथ ही नागपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,291.50 हो गई है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों से होटल, रेस्टोरेंट, कैंटीन, टिफिन सेंटर और स्ट्रीट फूड व्यवसायियों की लागत बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो ग्राहकों को महंगा भोजन करना पड़ेगा।

ये पहला मौका नहीं है जब तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडरों के दामों में इजाफा किया हो। वैश्विक तनाव के चलते बीते कुछ महीनों से दामों लगातार इजाफा हो रहा है। साल की शुरुआत में जनवरी 2026 में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 1,755 में उपलब्ध था। छह महीनों में इसकी कीमत बढ़कर 3,291.50 हो गई है। यानी इस अवधि में सिलेंडर के दाम करीब 87 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।

पांच किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 10 की बढ़ोतरी की गई है। अब इसकी कीमत 900 हो गई है। यह सिलेंडर मजदूरों, छात्रों और किराए पर रहने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। खास बात यह है कि इसकी कीमत अब 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर (964) से केवल 64 कम रह गई है।

महंगी होगी थाली

कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होटल, ढाबों, चाय दुकानों, कैंटीन और सार्वजनिक भोजन व्यवस्थाओं में बड़े पैमाने पर किया जाता है। गैस की लागत बढ़ने से कारोबारियों का खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में भोजन, नाश्ते और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है। कई प्रतिष्ठानों ने ग्राहकों को पहले ही दरें बढ़ाने की सूचना देना शुरू कर दिया है।

नागपुर रेसिडेंशियल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजिंदरसिंह रेणु ने कहा, पहले से ही होटल व्यवसाय महंगी बिजली की मार झेल रहा है। अब गैस के लगातार बढ़ते दामों ने कारोबारियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हमें उम्मीद थी कि हालात सामान्य होंगे, लेकिन लागत लगातार बढ़ रही है।

Popular Articles