नागपुर :- क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा शाखा ने गोपनीय जानकारी के आधार पर वाठोड़ा थाना क्षेत्र में चल रहे सेक्स रैकेट पर छापा मारकर 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. वहीं एक पीड़ित महिला को छुड़ाया गया. आरोपियों में शंकर गणेशराव वानखेड़े (38) और मयूरी उर्फ स्वाती शंकर वानखेड़े (34) का समावेश है. पुलिस को खबर मिली थी कि वाठोड़ा थानांतर्गत पीएम आवास योजना सोसाइटी के एक फ्लैट में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है. खबर के आधार पर पुलिस ने सोमवार की रात पंटर ग्राहक तैयार कर वानखेड़े दंपति के पास भेजा. सौदा तय होते ही पुलिस ने फ्लैट में छापा मार दिया. यहां पुलिस को 35 वर्षीय महिला मिली जिसे पैसों का प्रलोभन देकर देह व्यवसाय करवाया जा रहा था. पुलिस ने पीड़िता को अपने कब्जे में लिया. वानखेड़े दंपति के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने शंकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मयूरी को सूचनापत्र देकर छोड़ा गया.








