spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

रामटेक के नवरगांव में बनेगी फिल्मसिटी

– 120 एकड़ जमीन हस्तांतरण को मंजूरी

नागपुर :- रामटेक समीप नवरगांव में प्रस्तावित फिल्मसिटी प्रकल्प के लिए बुनियादी कार्यों की शुरुआत जल्द ही की जाएगी। राज्य सरकार ने इसके लिए 120 एकड़ जमीन हस्तांतरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। वित्त एवं नियोजन राज्यमंत्री आशीष जैस्वाल ने बताया कि यह प्रकल्प न केवल फिल्म निर्माण का केंद्र होगा, बल्कि फिल्म और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षण के लिए वर्ल्ड क्लास संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश-विदेश के कलाकार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर शिवसेना के लोकसभा क्षेत्र संपर्क प्रमुख संजय निरुपम और उत्तर भारतीय विभाग के विदर्भ समन्वयक सुमुख मिश्रा भी मौजूद थे। राज्यमंत्री जैस्वाल ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस प्रकल्प को जल्द साकार करने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। यह महाराष्ट्र की तीसरी प्रमुख फिल्म सिटी होगी, जहां 120 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक स्टूडियो, शूटिंग लोकेशन और प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे। यहां आधुनिक फिल्म शूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ओटीटी प्रोडक्शन सुविधाएं और एक बड़ा ट्रेनिंग सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।

रामटेक मंदिर हेरिटेज कॉरिडोर योजना के अंतर्गत पहले से 23 विकास कार्य प्रस्तावित हैं। साथ ही ‘कालिदास सृष्टि’, ‘रामसृष्टि’ और महाकवि कालिदास के जीवन पर आधारित फिल्म निर्माण की योजना भी जल्द साकार होगी। फिल्म निर्माता सुभाष घई के साथ भी इस प्रकल्प को लेकर चर्चा हुई है और उनके सहयोग की संभावना जताई गई है।

नवरगांव में फिल्मसिटी, इंटरटेनमेंट और एजुकेशन सेंटर एक ही परिसर में विकसित किया जाएगा। निजी सहभागिता के माध्यम से विभिन्न विकास और प्रशिक्षण कार्य किए जाएंगे, जिससे विदर्भ, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कलाकारों को विशेष लाभ मिलेगा।

यह प्रकल्प राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत ‘महाराष्ट्र फिल्मसिटी रंगभूमि एवं सांस्कृतिक विकास महामंडल, गोरेगांव (मुंबई)’ द्वारा विकसित किया जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग ने मौजा नवरगांव स्थित सर्वे क्रमांक 79/1 की 51.34 हेक्टेयर भूमि (नागार्जुन मंदिर परिसर और जीवन प्राधिकरण की भूमि को छोड़कर) फिल्मसिटी हेतु हस्तांतरित करने का शासनादेश 13 अप्रैल 2026 को जारी किया है।

Popular Articles