– एक और ढोंगी का पर्दाफाश
नाशिक :- नाशिक जिले में अंधविश्वास और ढोंगी बाबाओं की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ढोंगी अशोक खरात मामले के बाद अब निफाड तहसील के धरणगांव (खडक) में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां महेशगिरी महाराज उर्फ महेश दिलीप काकडे नामक एक ढोंगी बाबा पर एक महिला का यौन शोषण करने का आरोप लगा है. इस मामले में लासलगांव पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. पीड़ित महिला का परिवार घरेलू तनाव और बेटी की शादी में आ रहीं बाधाओं से परेशान था. समाधान की तलाश में वे धरणगांव स्थित महेशगिरी के कथित ‘प्रति गाणगापुर’ मठ में पहुंचे. वहां आरोपी ने महिला को ‘बाहरी बाधा’ होने का डर दिखाया. कुछ दिनों बाद आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर उसे वाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए. उसने ‘दैवी विधि और मार्गदर्शन’ के बहाने महिला को नाशिक बुलाया और नाशिक-त्र्यंबक रोड स्थित एक लॉज में ले गया. वहां उसने ‘मेरे पास रुद्राक्ष है, मुझमें दैवी शक्ति है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता’ कहकर महिला को डराया और उसके साथ दुष्कर्म किया.

