– “दिवाली सिर्फ दीयों का नहीं, दिलों के मिलन का भी त्योहार है” —विधि झा
नागपुर :- सेकंड बिगनिंग की फाउंडर विधि झा के नेतृत्व में संयोजिका एकता भैया एवं श्वेता गिरी के सहयोग से दिवाली स्नेह मिलन समारोह का खुशनुमा आयोजन किया गया। इस आयोजन में 50 प्लस महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और गीत-संगीत, मनोरंजक खेलों, अंताक्षरी तथा विचारों के आदान-प्रदान के माध्यम से दीपावली की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम की प्रोजेक्ट डायरेक्टर भावना जैन ने लक्ष्मी-गणेश पर आधारित विशेष दिवाली हौजी का आयोजन किया। इसके साथ ही अंताक्षरी और गीत- संगीत की महफिल ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। महिलाओं ने भक्तिमय गीतों एवं अन्य मनमोहक गीतों की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कई महिलाओं ने दीपावली से जुड़े अपने विचार भी साझा किए।
कार्यक्रम में स्वस्थ दीपावली मनाने के विषय पर स्वाति गिरी ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां और खान-पान की पाबंदियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में त्योहारों को स्वास्थ्य और खुशियों के संतुलन के साथ मनाना आवश्यक है।
एलएडी कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल डॉ. हर्षा झारिया ने दीपावली के बदलते स्वरूप पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समय के साथ त्योहार मनाने के तरीके जरूर बदल रहे हैं, लेकिन हमारी संस्कृति और सभ्यता का मूल स्वरूप सदैव बरकरार रहना चाहिए। दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का पर्व है। मिठाइयों की मिठास के साथ रिश्तों में मिठास बनाए रखना और रूठे हुए लोगों को मनाना भी दीपावली का वास्तविक संदेश है। इस अवसर पर सेकंड बिगनिंग की फाउंडर विधि झा ने कहा कि 50 प्लस की महिलाओं के लिए घर की जिम्मेदारियों के बीच स्वयं के लिए समय निकालना और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ना बेहद जरूरी है। उम्र के साथ कभी-कभी आलस्य और व्यस्तताएं बढ़ जाती हैं, लेकिन ऐसे त्योहार और मिलन समारोह हमें घर से बाहर निकलने, एक-दूसरे से मिलने और सुख-दुख साझा करने का अवसर देते हैं। जरूरी नहीं कि खुशियां केवल परिवार के साथ ही मनाई जाएं, परिवार से बाहर बने मित्र और आत्मीय रिश्ते भी जीवन को खूबसूरत बनाते हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में वंदना व्यास, डॉ. प्रीति सावरकर, रेखा आष्टी, पूजा झाम, भावना जैन, मीना गुप्ता, नीता नायक, मधु व्यास, शोभा भागिया, निकिता बागड़ी, शालू मिश्रा, मोना त्रिपाठी, एड. सुरेखा बोरकुटे, अलका टोटे एवं नीता पुण्यानी सहित सेकंड बिगनिंग की अन्य सभी सहभागी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।






