spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

शादी की राह में बिछ गई मातम की चादर

– जहर सेवन से युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर

नागपुर :- नागपुर के वानाडोंगरी क्षेत्र में परिवारों द्वारा विवाह की अनुमति नहीं मिलने के बाद एक प्रेमी युगल द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। इस घटना में 21 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक की पहचान वानाडोंगरी निवासी विशाल विलास जवादे (21) के रूप में हुई है। वह सीजन के दौरान मंडप डेकोरेशन का काम करता था तथा अन्य समय ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस के अनुसार, विशाल का उसी क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे और इस संबंध में अपने-अपने परिवारों से सहमति भी मांगी थी।

जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों ने इस रिश्ते का विरोध किया। रविवार को इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच चर्चा के दौरान विवाद भी हुआ। इसके बाद परिवारों के विरोध से आहत होकर सोमवार दोपहर करीब दो बजे दोनों संगम गांव मार्ग स्थित एक मैदान में पहुंचे, जहां उन्होंने कथित रूप से अपने साथ लाया गया जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि विशाल ने अधिक मात्रा में जहरीला पदार्थ पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने दोनों को तड़पते देखा और तत्काल वानाडोंगरी स्थित शालिनीताई मेघे अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान सोमवार रात करीब 11 बजे विशाल की मौत हो गई, जबकि युवती का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। विशाल की मौत की खबर मिलते ही उसके कई ऑटो चालक साथी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों ने युवती के घर जाने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी गोकुल महाजन और अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Popular Articles