– परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ धंतोली थाने में मामला दर्ज
नागपुर :- धंतोली क्षेत्र में 19 अगस्त को 32 वर्षीय नर्स की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी सचिन दहाट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतका की मां की शिकायत पर धंतोली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब नौ साल से रिश्ते में रहने के बावजूद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया था। साथ ही, मृतका के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा उसके रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, मृतका और सचिन दहाट वर्ष 2015 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। इसी दौरान दहाट पुणे में पीएचडी कर रहा था। मृतका के परिवार का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बने। बाद में आरोपी द्वारा शादी से इनकार करने पर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे। परिवार का आरोप है कि इस कारण मृतका मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थी।
निजी फोटो-वीडियो को लेकर धमकी का आरोप:
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने मृतका के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने तथा उन्हें उसके रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी थी। परिवार ने आरोप लगाया कि इन धमकियों और लगातार विवाद के कारण मृतका मानसिक तनाव में थी।
मृतका ने 19 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद धंतोली पुलिस ने जांच शुरू की और परिजनों के बयान दर्ज किए। शिकायत तथा प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने सचिन दहाट के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में मृतका और आरोपी के रिश्ते, कथित धमकियों, निजी फोटो-वीडियो से जुड़े आरोपों तथा अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है।





