– कॉन्सर्ट की दीवानगी में जाम, कई चौराहों पर वाहनों की लंबी लाइनें
नागपुर :- रविवार की शाम नागपुर के लिए यादगार बन गई, जब मेलोडी क्वीन श्रेया घोषाल ने लाइव कॉन्सर्ट में अपनी मधुर आवाज़ से शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्रीड़ा चौक स्थित ईश्वर देशमुख शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों का जोश देखते ही बनता था। दर्शकों की भारी संख्या से पूरा परिसर खचाखच भर गया और कॉन्सर्ट स्थल के बाहर भी लंबी कतारें देखी गईं। श्रेया घोषाल के कार्यक्रम में उमड़ी अप्रत्याशित भीड़ का असर शहर के ट्रैफिक पर भी साफ दिखाई दिया। मेडिकल चौक, रेशमबाग चौक और तुकड़ोजी पुतला चौक जैसे प्रमुख इलाकों में वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। शाम से लेकर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम यात्रियों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रेया घोषाल ने अपने लोकप्रिय गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ‘तेरी ओ रे ‘, ‘सुन रहा है न तू’, ‘नगाड़ा संग ढोल’ जैसे सुपरहिट गानों पर दर्शकों ने दिल खोलकर तालियाँ बजाईं। पूरा माहौल संगीत, उत्साह और जोश से भर गया।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, फिर भी भीड़ ने बढ़ाई आयोजकों की चिंता
कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में लोग जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस और आयोजकों ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए थे। इसके बावजूद अचानक बढ़ती भीड़ के कारण प्रवेश द्वारों पर अफरा-तफरी के हालात बने। पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक संभालने और व्यवस्था बनाए रखने में लगातार मशक्कत करनी पड़ी।




