– पांच दिनों में 5,668 किलो अनुपयोगी वस्तुओं का संकलन
नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका के ‘स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली’ अभियान को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। दीपावली के अवसर पर घरों से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं के संकलन के लिए 2 से 6 नवंबर तक चलाए गए इस अभियान में पांच दिनों के दौरान कुल 5,668 किलो वस्तुएं जमा की गईं।
दीपावली पर घरों की साफ-सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में पुराने कपड़े, प्लास्टिक, कागज, किताबें और अन्य अनुपयोगी सामान निकलता है। इनके उचित निपटारे की व्यवस्था करने के उद्देश्य से मनपा ने यह अभियान शुरू किया था। महापौर नीता ठाकरे, उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के मार्गदर्शन में यह पहल की गई।
2 नवंबर को महापौर ठाकरे ने मनपा मुख्यालय स्थित संकलन केंद्र का उद्घाटन कर अभियान की शुरुआत की। इसके तहत शहर के सभी जोन सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 80 संकलन केंद्र स्थापित किए गए थे। उपायुक्त राजेश भगत और मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले के नेतृत्व में आईसीई टीम ने अभियान का संचालन किया।
कपड़ों का सबसे अधिक संकलन
अभियान के दौरान सबसे अधिक 3,000 किलो पुराने कपड़े जमा हुए। इसके अलावा 1,353 किलो प्लास्टिक, 191 किलो कागज व किताबें और 39 किलो ई-वेस्ट संकलित किया गया। शेष वस्तुओं में बर्तन और लकड़ी का सामान शामिल रहा।
जमा की गई वस्तुओं को उनके पुन: उपयोग और प्रसंस्करण से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं को सौंपा जाता है। पुराने कपड़ों से थैले बनाने वाली संस्थाओं को कपड़े, जबकि पुराने अखबारों से कागज की थैलियां बनाने वालों को रद्दी दी जाती है। वहीं, ई-वेस्ट और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं को भी संबंधित संस्थाओं के माध्यम से उपयोगी बनाने की पहल की जाती है। इससे कचरे का उचित निपटारा होने के साथ ही वस्तुओं का पुन: उपयोग भी संभव हो रहा है।






