spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

स्वाइन फ्लू से मौत, प्रशासन सकते में

– 20 दिनों में मिले 15 नए मरीज, उपाय योजना शुरू

नागपुर :- नागपुर में स्वाइन फ्लू का संक्रमण एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। जुलाई के पहले 20 दिनों में स्वाइन फ्लू के 15 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि एक मरीज की मौत की पुष्टि स्वाइन फ्लू मृत्यु विश्लेषण समिति ने की है। इसे देखते हुए नागपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर की अध्यक्षता में आयोजित स्वाइन फ्लू मृत्यु विश्लेषण समिति की बैठक में दो संदिग्ध मौतों की समीक्षा की गई। वैद्यकीय अभिलेखों, प्रयोगशाला जांच, उपचार प्रक्रिया तथा अन्य सह-रोगों (को-मॉर्बिडिटी) का अध्ययन करने के बाद समिति ने एक मरीज की मौत का कारण स्वाइन फ्लू संक्रमण माना, जबकि दूसरे मरीज की मृत्यु अन्य गंभीर बीमारियों के कारण होने की पुष्टि की। मनपा के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जनवरी से जुलाई के मध्य तक शहर में स्वाइन फ्लू के कुल 25 मरीज दर्ज किए गए हैं, जिनमें एक मरीज की मृत्यु हुई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्वाइन फ्लू का प्रकोप सामान्यतः एक वर्ष छोड़कर अधिक देखने को मिलता है। इसकी संभावना को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह सतर्क है। स्वाइन फ्लू के साथ-साथ गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) के मरीजों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों को सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सीय सलाह लेने की अपील की गई है।

Popular Articles