– क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने किया गांजा और तलवार बरामद
नागपुर :- शहर से तड़ीपार किए जाने के बावजूद एक बदमाश बेखौफ नागपुर में रह रहा था। इतना ही नहीं, उसने वाठोड़ा थाना क्षेत्र के आजाद नगर में किराए का मकान लेकर अपना ठिकाना भी बना लिया था। गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा, तलवार और नशे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान निवासी विजयनगर, पाख्खीड़े लेआउट, हिंगना रोड 27 वर्षीय शुभम उर्फ लिंबू लिंबूडकर के रूप में हुई है। आरोपी एमआईडीसी पुलिस थाने में दर्ज एक गंभीर अपराध में फरार चल रहा था। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत उसे नागपुर से तड़ीपार भी किया गया था। इसके बावजूद वह शहर में छिपकर रह रहा था। क्राइम ब्रांच यूनिट-1 को गुप्त सूचना मिली थी कि तड़ीपार आरोपी वाठोड़ा थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित एक किराए के मकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रशांत ठवरे के मार्गदर्शन में टीम ने संबंधित मकान पर छापा मारा। इस दौरान शुभम लिंबूडकर मौके पर मौजूद मिला। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां से 217 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 10 हजार 850 रुपये बताई गई है। इसके अलावा प्लास्टिक रैपर का एक पैकेट, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, एक तलवार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ एमआईडीसी थाने में मारपीट, दंगा, हथियार अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। फिलहाल क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने आरोपी को बरामद सामग्री के साथ हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वाठोड़ा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।






