spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ग्रामीण पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार

– बोलेरो से शुरू हुई जांच ढाबे तक पहुंची, 143.283 ग्राम डोडा पाउडर के साथ राजस्थान के 3 आरोपी गिरफ्तार

नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान से नागपुर तक फैले डोडा पाउडर तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। नागपुर-वर्धा मार्ग पर एक बोलेरो वाहन से शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई वर्धा जिले के कारंजा घाडगे स्थित एक ढाबे तक पहुंची। पुलिस ने बोलेरो और ढाबे से कुल 143 किलो 283 ग्राम डोडा पाउडर जब्त किया है। इस कार्रवाई में नशीले पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री समेत कुल 39 लाख 25 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है। मामले में राजस्थान निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को नागपुर ग्रामीण पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी पथक और बूटीबोरी पुलिस की संयुक्त टीम बोरी थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान वर्धा-बूटीबोरी मार्ग पर हलदगांव बस स्टैंड के पास राजस्थान पासिंग की एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो दिखाई दी। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो चालक महेंद्र झुमरराम खदाव के पास से 1 किलो 123 ग्राम डोडा पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बोलेरो, मोबाइल और नशीले पदार्थ समेत 10 लाख 27 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी महेंद्र ने बताया कि उसने यह डोडा पाउडर वर्धा जिले के कारंजा घाडगे स्थित चौधरी राजस्थानी ढाबे के मालिक पप्पू चौधरी से खरीदा था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल में यूपीआई भुगतान से जुड़े सबूत भी खंगाले। इस जानकारी के आधार पर 11 नवंबर को मादक पदार्थ विरोधी पथक ने चौधरी राजस्थानी ढाबे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 142 किलो डोडा पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने ढाबा मालिक पप्पू मोडाराम चौधरी और उसके सहयोगी हडमानराम चिमाणराम सारण को गिरफ्तार कर लिया। हडमानराम ढाबे पर कुक के रूप में काम करता था। ढाबे पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 28 लाख 43 हजार रुपये का डोडा पाउडर, दो मोबाइल, मिक्सर मशीन, इलेक्ट्रिक वजन कांटा, कैलकुलेटर और नकदी समेत कुल 28 लाख 98 हजार 120 रुपये का माल जब्त किया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ढाबे की आड़ में डोडा पाउडर का कारोबार चलाया जा रहा था। अब पुलिस इस नेटवर्क के पीछे जुड़े लोगों, नशीले पदार्थ की सप्लाई करने वालों और आगे इसकी खरीदी-बिक्री करने वाले लोगों की तलाश कर रही है। राजस्थान से महाराष्ट्र तक फैले इस नशे के नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाली जा रही है।

यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दारा, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक मयंक माधव के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अंकुश माने, पुलिस निरीक्षक निशांत मेश्राम, सहायक पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम मोहेकर, अजित सिंह देवरे एवं जीवन लाकड़े, पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण भिमटे, पुलिस हवलदार प्रवीण देव्हारे, प्रकाश ठोके, अमोल नागरे तथा पुलिस कर्मचारी अनिल खरडखेले,वाहन चालक पुलिस कर्मचारी अविनाश तोडसाम आदि ने कीे।

Popular Articles