– कवडक में कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सालय का लोकार्पण
नागपुर/रामटेक :- जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक प्रभाव कृषि क्षेत्र पर पड़ रहा है। अनियमित बारिश और पानी की कमी के कारण किसानों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए आधुनिक कृषि अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी विकास और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली तकनीक और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को सहन करने वाली फसलों का विकास समय की मांग है। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण कृषि महाविद्यालयों की स्थापना भी आवश्यक है। यह विचार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किए।
रामटेक तहसील के कवडक में दत्ता मेघे फाउंडेशन, नागपुर की ओर से स्थापित स्व. दत्ता मेघे स्मृति दालन, नंदकिशोर जयस्वाल कृषि महाविद्यालय और शालिनीताई दत्ता मेघे पशु चिकित्सालय का लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के हाथों किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री फडणवीस संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, राजस्व मंत्री एवं जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, कृषि राज्यमंत्री एड. आशीष जाय्वासवाल, स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, शालिनी मेघे, विधायक समीर मेघे, सागर मेघे सहित मेघे परिवार के सदस्य और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे कहा कि इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में ऐसी फसल किस्में विकसित करने की जरूरत है, जो मौसम के उतार-चढ़ाव को सहन कर सकें और कम पानी में भी बेहतर पैदावार दें। कृषि विश्वविद्यालयों में विकसित होने वाले आधुनिक अनुसंधान और तकनीक का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए। कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध के साथ उसके व्यावहारिक उपयोग पर भी विशेष जोर देना होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मेघे फाउंडेशन द्वारा रामटेक में स्थापित ये संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि अनुसंधान, पशुपालन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देंगे। साथ ही रामटेक के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
विकास की नई राह दिखाए भारत : डॉ. भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि मनुष्य और प्रकृति एक ही सृष्टि के अभिन्न अंग हैं। हम इस प्रकृति के मालिक नहीं, बल्कि उसका हिस्सा हैं और एक-दूसरे पर निर्भर हैं। इसलिए जीवन का दृष्टिकोण केवल अपने हित तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी के कल्याण पर आधारित होना चाहिए।आज दुनिया को विकास की एक नई दिशा दिखाने की आवश्यकता है और इस दृष्टि से पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है।
दूध उत्पादन बढ़ाने पर जोर : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विदर्भ में दुग्ध व्यवसाय के विकास की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक के जरिए देशी गोवंश का संरक्षण करने और दूध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि मदर डेयरी के माध्यम से विदर्भ में दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है।
गडकरी ने कहा कि शालिनीताई दत्ता मेघे पशु चिकित्सालय के माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक उपचार और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्व. दत्ता मेघे ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया था। रामटेक में पशु चिकित्सालय स्थापित करने का उनका सपना मेघे परिवार ने पूरा किया है।
कृषि महाविद्यालय से खुलेगा विकास का नया मार्ग : जायसवाल
कृषि राज्यमंत्री आशीष जायसवाल ने कहा कि स्व. दत्ताभाऊ मेघे ने नागपुर और वर्धा में शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कर हजारों डॉक्टर और इंजीनियर तैयार किए। अब मेघे परिवार ने तकनीकी शिक्षा के साथ कृषि और पशुधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सागर मेघे और विधायक समीर मेघे अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए रामटेक के विकास का सपना साकार करेंगे। कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सालय की स्थापना से क्षेत्र में प्रगति के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम की सागर मेघे ने प्रस्तावना रखी, जबकि विधायक समीर मेघे ने आभार व्यक्त किया।






