– जनसंपर्क कार्यक्रम में विभिन्न मांगों के लिए निवेदन
नागपुर :– ‘जनसेवा ही ईश्वर सेवा’ मानकर हमेशा गरीब और जरूरतमंद मरीजों की मदद करने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आज हार्ट पेशेंट्स ने कृतज्ञता व्यक्त की। जनसंपर्क कार्यक्रम में इन मरीजों ने गडकरी से मुलाकात कर भावनाएं व्यक्त कीं – “आपकी वजह से हमें जीवन जीने की नई ऊर्जा मिली है।”
जनसंपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागपुर के नागरिक उपस्थित थे। इस दौरान सड़कों, यातायात, स्वास्थ्य सुविधा, पानी आपूर्ति, शिक्षा आदि मुद्दों पर लोगों ने निवेदन दिए। कई लोगों ने रोजगार के अवसर, युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्र और क्षेत्रीय विकास कार्यों की गति बढ़ाने की मांग रखी।
इस अवसर पर बायपास सर्जरी, एंजियोप्लास्टी और वॉल रिप्लेसमेंट करा चुके मरीजों ने गडकरी से मुलाकात की। अब तक गडकरी ने सैकड़ों हार्ट पेशेंट्स की शल्यक्रिया कराई है। उनकी प्रेरणा से सामाजिक कार्यकर्ता संतोष यादव गरीब मरीजों तक यह सेवा पहुंचा रहे हैं। जनसंपर्क कार्यक्रम में लगभग दस मरीज गडकरी के प्रति आभार जताने पहुंचे थे। इनमें सभी आयु वर्ग के लोग शामिल थे।
खेल, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले संगठनों ने भी गडकरी से भेंट की। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की गडकरी ने सराहना की और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। दुर्गा उत्सव मंडलों ने नवरात्रोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
लोगों द्वारा दिए गए निवेदनों पर गडकरी ने चर्चा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों में उन्होंने फोन पर ही संपर्क कर समस्याओं का ‘ऑन द स्पॉट’ समाधान कराया। नागरिक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई निवेदन भी इस अवसर पर प्राप्त हुए।




