– रणबीर कपूर और साई पल्लवी का रामटेक दौरा टला, 37 डिग्री तापमान बनी वजह
नागपुर :- नागपुर में बढ़ती गर्मी का असर अब फिल्मी सितारों के कार्यक्रमों पर भी पड़ने लगा है। आगामी फिल्म ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर और माता सीता का किरदार निभाने वाली साई पल्लवी का रामटेक दौरा टाल दिया गया है। 11 अक्टूबर को रामटेक स्थित श्रीराम मंदिर में फिल्म की टीम के आगमन और एक विशेष गाने के लोकार्पण की तैयारी थी। हालांकि, तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने के कारण कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
महाराष्ट्र के वित्त राज्य मंत्री और रामटेक के विधायक आशीष जायसवाल ने बताया कि रणबीर कपूर, साई पल्लवी, गीतकार डॉ. कुमार विश्वास, लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे अभिनेता रवि दुबे सहित फिल्म की पूरी टीम 11 अक्टूबर को रामटेक आने वाली थी। लेकिन मौजूदा गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इस दौरे को लेकर रामटेक के नागरिकों में काफी उत्साह था। फिल्म की टीम के आगमन से क्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। कार्यक्रम टलने से स्थानीय लोगों को अब सितारों के आगमन के लिए इंतजार करना होगा।
नए कार्यक्रम के लिए चल रही चर्चा
आशीष जायसवाल ने बताया कि फिल्म की टीम को रामटेक बुलाने के लिए दोबारा प्रयास किए जा रहे हैं। रामटेक की शोभायात्रा, काकड़ आरती या अन्य नियोजित कार्यक्रमों के अवसर पर टीम को आमंत्रित कर भव्य आयोजन करने पर चर्चा की गई है। हालांकि, नए कार्यक्रम की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
रामटेक को भगवान श्रीराम से जुड़ी पौराणिक परंपराओं और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। ऐसे में फिल्म की टीम का यहां आगमन स्थानीय लोगों के लिए विशेष अवसर माना जा रहा था।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की योजना:
इस आयोजन के पीछे रामटेक के धार्मिक एवं ऐतिहासिक वारसे को व्यापक पहचान दिलाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का उद्देश्य था। आयोजकों को उम्मीद थी कि फिल्मी सितारों के आगमन से रामटेक को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स को भी शामिल किया गया था। अब सभी की नजरें ‘रामायण’ की टीम के नए कार्यक्रम और रामटेक दौरे की अगली तारीख पर टिकी हैं।








