– मनपा की रैली में उमड़ा साइकिल प्रेमियों का उत्साह
नागपुर :- केंद्र और राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत नागपुर महानगरपालिका की ओर से आयोजित भव्य साइकिल रैली को शहर के साइकिल चालकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
मनपा के खेल अधिकारी डॉ.पीयूष आंबुलकर, टाइगर सिटी साइकिल एसोसिएशन के साइकिल चालक दिलीप वरकड और टाइगर ग्रुप ऑफ एडवेंचर के साइकिल चालक रवींद्र करारे ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। इस अवसर पर मनपा के जनसंपर्क विभाग के अमोल तपासे, खेल विभाग की उज्ज्वला चरडे, शुभम सुपारे सहित मनपा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सिविल लाइंस स्थित मनपा मुख्यालय के प्रवेश द्वार से शुरू हुई रैली विधान भवन चौक, आकाशवाणी चौक, प्रधान डाकघर (जीपीओ) चौक, सीपी क्लब, हनुमान मंदिर, तेलंखेड़ी और वीसीए चौक होते हुए वापस मनपा मुख्यालय के सामने स्थित हरित परिसर में पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।
रैली में शहर के नागरिकों, विभिन्न साइकिल संगठनों के सदस्यों, वरिष्ठ साइकिल चालकों और बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी ने साइकिल चलाने के लाभों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
8 साल के विनय और 85 वर्षीय भुरडे रहे आकर्षण
रैली में आठ वर्षीय विनय चौधरी से लेकर 85 वर्षीय वरिष्ठ साइकिल चालक श्रीपाद भुरडे तक ने उत्साह के साथ भाग लिया। श्रीपाद भुरडे ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखे फलक लेकर लोगों से साइकिल चलाने, पर्यावरण बचाने, स्वास्थ्य बनाए रखने, ईंधन की बचत करने तथा पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित करने की अपील की।








