– महापौर नीता ठाकरे ने किया निरीक्षण, दिसंबर में लोकार्पण की तैयारी
नागपुर :- शहर के ऐतिहासिक महाल क्षेत्र में नागपुर महानगरपालिका की ओर से बनाए जा रहे नए ‘श्रीमंत रघुजीराजे भोसले नगर भवन’ (टाउन हॉल) का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। आगामी दिसंबर में इसका लोकार्पण किया जाएगा। बुधवार को महापौर नीता ठाकरे ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, नगरसेवक सचिन नाईक, कार्यकारी अभियंता अश्विनी येलचटवार और उप अभियंता राजीव गौतम सहित मनपा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। महापौर ने भवन निर्माण की मौजूदा स्थिति और परियोजना के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर ने बताया कि दिल्ली के सेंट्रल विस्टा प्रकल्प की तर्ज पर इस टाउन हॉल का निर्माण आधुनिक तकनीक और सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ किया जा रहा है। उनके अनुसार, इस तरह की विशेषताओं वाला यह देश का पहला टाउन हॉल होगा।
दो बेसमेंट और चार मंजिलों की इमारत
महल में 6,808.13 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रहे इस भवन में दो बेसमेंट और चार मंजिलें होंगी। निचले बेसमेंट में अतिविशिष्ट व्यक्तियों और महापौर के वाहनों के प्रवेश तथा पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। दूसरे बेसमेंट में मनपा के सदस्यों और अधिकारियों के प्रवेश द्वार, कार्यालय परिसर और पार्किंग की सुविधा होगी।
पहली मंजिल पर 155 लोगों की क्षमता वाला सभागृह बनाया गया है। दूसरी मंजिल पर मुख्य सभागृह होगा, जहां 288 सदस्यों और 50 अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसी मंजिल पर महापौर, मनपा आयुक्त, उपमहापौर और विपक्ष के नेता के कार्यालय भी होंगे। तीसरी मंजिल पर अतिथियों और पत्रकारों सहित 210 लोगों के बैठने की क्षमता वाली गैलरी बनाई गई है। चौथी मंजिल पर कार्यालय, कैंटीन और खुली छत की व्यवस्था होगी।






