– नवरगांव परिसर में दाखिल हुआ झुंड
– किसानों व नागरिकों में दहशत
गड़चिरोली :- तहसील मुख्यालय से महज 8 किमी की दूरी पर स्थित नवरगांव क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों के झुंड ने अपना डेरा लगाया है। रात होते ही झुंड के हाथी खेत में प्रवेश कर रबी फसलों को तहस-नहस कर रहे हैं। सोमवार, 2 फरवरी की रात हाथियों ने नवरगांव वाईएस निवासी दादाजी नाराजी देशमुख के खेत में प्रवेश कर मक्का, तुअर और सब्जियों की फसल को अपने पैरों तले कुचल दिया जिससे किसान देशमुख को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। हाथियों का झुंड गांव परिसर में ही मौजूद होने के कारण नवरगांव के किसानों व आम नागरिकों में अब भयपूर्ण माहौल निर्माण हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में रबी सत्र शुरू होकर किसानों ने अपने खेत में विभिन्न प्रकार की सब्जियों की फसल के साथ मक्का, तुअर, चना जैसी फसलें लगायी है। धान कटाई के बाद रबी सत्र शुरू होने और अब खेत में पर्याप्त मात्रा में भोजन उपलब्ध होने से जंगली हाथी खेतों की ओर बढ़ने लगे हैं। दिनभर जंगल में विश्राम करने के बाद रात होते ही झुंड के हाथी खेतों में प्रवेश करने लगे हैं। अपनी फसलों को बचाने के लिए किसानों को खेत में पहुंचकर फसलों की पहरेदारी भी करनी पड़ रही है। इस बीच नुकसानग्रस्त किसान दादाजी देशमुख ने नुकसान का पंचनामा कर वित्तीय मदद देने की मांग सरकार से की है।








