– बॉक्सर मल्हार साबले की सहभागिता, गडकरी की मौजूदगी में हुआ सम्मान
नागपुर :- राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ की ओर से राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, पीएम के साथ’ का आयोजन एम्स नागपुर में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।
संवाद के दौरान युवाओं से खेलों के विकास, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं, पोषण, खेल उपकरणों की उपलब्धता और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही 2036 ओलंपिक की तैयारी, युवा नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना, सामाजिक सहभागिता, विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका और नशामुक्त युवा जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि और ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक शामिल हुए। इस दौरान नागपुर के बॉक्सिंग खिलाड़ी मल्हार साबले की सहभागिता विशेष आकर्षण रही। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आयोजित इंटरैक्टिव कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला।
गडकरी की मौजूदगी में मल्हार का सम्मान
कार्यक्रम के बाद एम्स नागपुर में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में एम्स नागपुर के निदेशक डॉ. प्रशांत जोशी ने बॉक्सर मल्हार साबले और उनके कोच रौनक खंबालकर का सम्मान किया। मल्हार की प्रधानमंत्री के साथ संवाद में सहभागिता और सम्मान को खेल एवं युवा क्षेत्र में प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।





