– 17 वर्षीय पोती गंभीर घायल, रामटेक-तुमसर राज्य महामार्ग पर हादसा
नागपुर /रामटेक :- रामटेक-तुमसर राज्य महामार्ग क्रमांक 753 पर मुरमुरा भट्टी के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड पर पीछे बैठी रायाबाई मोतीलाल नानुरे (61) की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रही उनकी 17 वर्षीय पोती आर्या परमेश्वर हारोडे गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, पारशिवनी तहसील के बोरडा (गणेशी) निवासी आर्या हारोडे अपनी दादी रायाबाई नानुरे के साथ उपचार के लिए रामटेक के श्रीराम मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार के लिये आई थी। उपचार के बाद दोनों मोपेड से अपने गांव लौट रही थीं। शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे मुरमुरा भट्टी के पास समाधान बाइक सर्विसिंग सेंटर के सामने मोड़ पर तुमसर की ओर से मनसर जा रहे तनस से भरे आयशर ट्रक ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आर्या गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पीछे बैठी रायाबाई सड़क पर जा गिरी। सिर में गंभीर चोट लगने से उनके सिर से काफी रक्तस्राव हुआ। घटनास्थल पर मौजूद नागरिकों ने दोनों को तत्काल रामटेक स्थित उपजिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रायाबाई नानुरे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आर्या का उपचार जारी है। हादसे के बाद आयशर ट्रक चालक ट्रक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। रामटेक पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





