नागपुर :- पाककला संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अंतरराष्ट्रीय शेफ विष्णु मनोहर को इजराइल के विदेश मंत्रालय ने विशेष रूप से आमंत्रित किया है। नवंबर में तेल अवीव में आयोजित होने वाले ‘क्यूरेटेड कलिनरी एंड कल्चरल एंगेजमेंट’ नामक पाककला एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान से संबंधित विशेष परिसंवाद में वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए आमंत्रित भारत के केवल 2 शेफ में विष्णु मनोहर शामिल हैं। यह भारतीय पाककला जगत के लिए गौरव की बात है। उन्हें भारतीय खाद्य संस्कृति, पारंपरिक पाककला और उससे जुड़े सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। मनोहर अब तक 55 पुस्तकें लिख चुके हैं और 5,000 से अधिक पाककला कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुके हैं। पारंपरिक भारतीय खाद्य संस्कृति के इतिहास, उसकी विविधता और सांस्कृतिक महत्व को आम लोगों तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके नाम 35 विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं।








