– यूक्रेन पर 400 ड्रोन और 110 मिसाइलें दागीं, 8 मौतें
कीव :- रूस ने यूक्रेन के क्रीमिया ब्रिज पर लगातार हमले का बदला अब ले लिया है। यूक्रेन पर गुरुवार रात 400 से ज्यादा ड्रोन और 110 से ज्यादा मिलाइलें दागीं गई। इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने हमले में 27 बैलिस्टिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने इसे युद्ध के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया। हमले में कई पुलों, बिजली-पानी की सप्लाई और रेलवे को नुकसान पहुंचा है।
इससे पहले गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने क्रीमिया ब्रिज पर हमले पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि रूस इस हमले का दर्दनाक जवाब देगा।
रातभर हुए हमलों से जान बचाने के लिए लोग मेट्रो स्टेशनों में छिपे
यूक्रेन के प्रधानमंत्री सेर्गी कोरेत्स्की ने बताया कि हमले में मारे गए 8 लोगों में से 6 राजधानी कीव के थे। बाकी 2 लोगों की मौत पश्चिमी शहर लवीव के एक रेलवे स्टेशन पर हुई।
रातभर हुए हमलों के दौरान कीव में कई धमाके हुए। जान बचाने के लिए लोग मेट्रो स्टेशनों में छिप गए। रूस ने निप्रो नदी पर बने कीव के 3 पुलों को भी निशाना बनाया। सरकार ने लोगों से अपील की कि वे कार से काम पर जाने से बचें। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद इन पुलों पर यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है।
मिसाइलों के बीच 20-30 मिनट का अंतर रखा
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस ने हमले की रणनीति ऐसी बनाई थी, जिससे ज्यादा से ज्यादा तबाही हो। उन्होंने कहा कि रूसी सेना ने क्लस्टर वारहेड वाली मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया। इन मिसाइलों में एक बड़े बम से कई छोटे बम निकलते हैं, जो बड़े इलाके में तबाही मचा सकते हैं। जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने मिसाइलें एक साथ दागने के बजाय कई समूहों में छोड़ीं। हर हमले के बीच 20 से 30 मिनट का अंतर रखा गया। इससे राहत और बचाव टीमों को काम करने में मुश्किल हुई। वे आग बुझाने, मलबा हटाने और बिजली-पानी जैसी जरूरी सेवाएं बहाल करने में जुटी थीं। उन्होंने कहा कि पुतिन ने यह हमला बेहद सोच-समझकर और दिखावे के तौर पर किया। जेलेंस्की ने चीन में हुई बैठकों को कमजोर बताया और कहा कि दुनिया की व्यवस्था को अपने हिसाब से बदलने की रूस की कोशिश नाकाम रही है।






