spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

‘नागपुर का नाम बदलकर दीक्षाभूमि करें

– ‘संजय राउत ने उठाया मुद्दा,कांग्रेस ने किया समर्थन, भाजपा ने साधा निशाना

मुंबई :- मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने की महाराष्ट्र सरकार की पहल के बीच अब नागपुर का नाम बदलकर दीक्षाभूमि करने की मांग उठी है। शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के नेता संजय राऊत ने यह मांग करते हुए कहा कि डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के प्रति सम्मान व्यक्त करने का इससे बड़ा कोई दूसरा तरीका नहीं हो सकता।

पत्रकारों से बातचीत में राऊत ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के प्रति पूरे देश में सम्मान और आस्था है। उन्होंने अक्टूबर 1956 में नागपुर की दीक्षाभूमि पर अपने लाखों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक घटना से सामाजिक परिवर्तन की एक नई शुरुआत हुई। राऊत ने कहा कि दादर तो केवल एक मेट्रो स्टेशन है, जबकि नागपुर का नाम दीक्षाभूमि करने से डॉ. आंबेडकर की ऐतिहासिक विरासत को व्यापक सम्मान मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस संबंध में प्रस्ताव लाने की मांग की और कहा कि उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर कोई विवाद होता है तो उनकी पार्टी सरकार के साथ खड़ी रहेगी।

कांग्रेस ने भी किया समर्थन

संजय राऊत की मांग को कांग्रेस नेता और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि नागपुर का नाम दीक्षाभूमि करने में किसी को क्या आपत्ति हो सकती है। वडेट्टीवार के अनुसार, दुनिया भर से लोग दीक्षाभूमि आते हैं और यह स्थान डॉ. आंबेडकर के विचारों तथा सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मांग का समर्थन करेगी।

भाजपा ने राऊत पर किया पलटवार

दूसरी ओर, भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बान ने संजय राऊत की मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राऊत को पहले दादर मेट्रो स्टेशन का नाम चैत्यभूमि करने के फैसले का स्वागत करना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) इस मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को आगे कर राजनीतिक भूमिका निभा रही है।

वहीं, राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नागपुर पहले से ही दीक्षाभूमि के कारण देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। नागपुर आने वाला प्रत्येक व्यक्ति दीक्षाभूमि के दर्शन करने जरूर जाता है।

चैत्यभूमि नामकरण की पहल से शुरू हुई चर्चा

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने की घोषणा की थी। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जाने की बात कही गई है। दिसंबर 1956 में डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के निधन के बाद मुंबई के दादर स्थित चैत्यभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। अब इस नामकरण की पहल के बीच नागपुर को दीक्षाभूमि नाम देने की मांग ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

Popular Articles