– हैदराबाद में Meta ऑफिस में घुसकर की तोड़फोड़
हैदराबाद :- तेलंगाना यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हैदराबाद में मेटा के कार्यालय में तोड़फोड़ की और वहां रखे गमले फेंक दिए। वे संगठन के दो पदाधिकारियों के अकाउंट पर लगाई गई पाबंदियों का विरोध कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेटा और बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक दखलंदाजी का आरोप लगाया और कुछ पोस्ट को बहाल करने की मांग की।
मेटा को दिया अल्टीमेटम
वीडियो में प्रदर्शनकारियों को दफ्तर के गलियारों और कैफेटेरिया वाले इलाके के पास दौड़ते हुए देखा गया। कुछ कर्मचारी गमले तोड़ते हुए भी दिखाई दिए। इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में मेटा से हिम्मत दिखाने को कहा और प्रतिबंधित अकाउंट्स और पोस्ट को बहाल करने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अदालतों, सड़कों और दफ्तरों तक में अपना विरोध करेंगे।
क्या है मामला?
खबरों के अनुसार, मेटा ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के हैंडल्स पर प्रतिबंध लगा दिए थे। साथ ही मुंबई यूथ कांग्रेस ने बीकेसी में मेटा के दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारतीय यूथ कांग्रेस के नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के खिलाफ था। उनका आरोप है कि ऐसा कदम बीजेपी और आरएसएस की आलोचना करने वाली आवाजों को दबाने के लिए उठाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के अकाउंट सस्पेंड करना सोशल मीडिया पर असहमति जताने वाली आवाजों को चुप कराने की एक कोशिश थी।






