– 600 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती, मेथनॉल मिलाने की आशंका में 10 गिरफ्तार
इंफाल :- मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 600 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो से तीन दिनों के दौरान शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उन्हें उल्टी, बेचैनी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने लगीं। हालांकि, शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसने की थी।
मेथनॉल मिलाने की आशंका, 10 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था, उसे मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। शुरुआती जांच में शराब में जहरीले रसायन मेथनॉल की मिलावट होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब तैयार किए जाने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि दूसरे क्षेत्रों से शराब लाकर यहां बेची गई थी। पुलिस अब शराब की आपूर्ति करने वाले लोगों और इसके वितरण नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही शराब के नमूनों की जांच के आधार पर मिलावट की पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है।





