– भाजपा पार्षद के पति पर खूनी हमला
नागपुर :- जुनी शुक्रवारी क्षेत्र रविवार रात अचानक गोलियों और चीख-पुकार की आवाजों से दहल उठा, जब 5-6 हथियारबंद हमलावरों ने भाजपा पार्षद मानसी सिमले के पति नितिन श्याम सिमले पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब इलाके में महाशिवरात्रि के अवसर पर महाप्रसाद का आयोजन चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मामला कोतवाली थाना अंतर्गत है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9.30 बजे नितिन अपने घर के सामने खड़े थे। तभी सोनू ठाकरे और उसके साथी वहां पहुंचे और अचानक धारदार हथियारों से हमला कर दिया। नितिन को ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी मानसी सिमले भी इस दौरान जख्मी हो गई। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
लंबे समय से रंजिश : बताया जा रहा है नितिन और मुख्य आरोपी के बीच लंबे समय रजिश चली आ रही धी। वर्ष 2014 में नितिन उसकी गैंग पर सिटी पुलिस ने मकोका के तहत कार्रवाई की थी। हालांकि बाद में नितिन ने कथित रूप से अपराध से दूरी बनाकर समाजसेवा शुरू की और प्रभाग 31 से भाजपा का दावेदार भी बना।
आरक्षण के चलते उनकी पत्नी को टिकट मिला और वे चुनाव जीत गई। इसी के बाद से विवाद और गहरा गया था।
मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल नितिन को जगनाडे चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक अस्पताल और क्षेत्र में समर्थकों की भीड़ जुटी रही, जिससे तनावपूर्ण माहौल बना रहा।








