spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दुर्घटना में पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल

– कार का दरवाजा खुलते ही हुई दुर्घटना

नागपुर/ खापरखेड़ा :- नगर के मुख्य बाजार में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति मामूली रूप से घायल हो गए। सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से पीछे से आ रही दंपति की दोपहिया गाड़ी उससे टकरा गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरी महिला पीछे से आ रहे ट्रक के पहिये की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से घायल महिला ने नागपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान वार्ड क्रमांक 2, सोनार गली, मुख्य बाजार, खापरखेड़ा निवासी शबनम सत्तार छवारे (40) के रूप में हुई है। उनके पति सत्तार इस्राइल छवारे (43) को हादसे में मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शबनम छवारे एक सोसायटी में काम खत्म करने के बाद अपने पति के साथ दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच-40/ टी-7594 से घर लौट रही थीं। इसी दौरान मुख्य बाजार स्थित चेमरी गेट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर किनारे खड़ी कार क्रमांक एमएच-40/ सीए-8413 के चालक ने अचानक दरवाजा खोल दिया। पीछे से आ रही दंपति की दोपहिया गाड़ी खुले दरवाजे से टकरा गई। टक्कर के कारण शबनम और उनके पति सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-40/ सीडी-4050 का अगला पहिया शबनम के ऊपर से गुजर गया। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान वह ट्रक की चपेट में आने के बाद कुछ दूरी तक घिसट गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों की मदद से गंभीर रूप से घायल शबनम को तत्काल नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर खापरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार, ट्रक और दोपहिया वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles