– पहले ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से और अब दुरंतो एक्सप्रेस से तस्करी
नागपुर :- एक सप्ताह पूर्व बांग्लादेश से भारत विदेशी सोने की रेलमार्ग के जरिए तस्करी का मामला सामने आया था। राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम ने नागपुर के मध्यवर्ती रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से एक यात्री को 2.165 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद शुक्रवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है। बरामद सोने में सात बिस्कुट और एक सोने की छड़ शामिल है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नागपुर एवं रायपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में जांच शुरू की।संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की तलाशी ली। इसी दौरान भंडारा-नागपुर के बीच बी-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ।आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को जब्त सोने सहित डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। डीआरआई अब सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है। संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की अहम भूमिका रही।





