spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दीक्षाभूमि में 21 वॉटरप्रूफ डोम, 1,235 अस्थायी शौचालय

– धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के लिए मनपा ने की तैयारियां

नागपुर :- धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए देशभर से आने वाले लाखों बौद्ध अनुयायियों की सुविधा के लिए नागपुर महानगरपालिका ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दीक्षाभूमि सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर आवास, पेयजल, स्वच्छता, स्नानगृह, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है। मंगलवार को मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने अधिकारियों के साथ दीक्षाभूमि परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

20 अक्टूबर को होने वाले मुख्य समारोह के मद्देनजर 18 से 21 अक्टूबर तक अनुयायियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दीक्षाभूमि परिसर के अलावा पीकेवी, कुर्वेज हाईस्कूल, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सहित अन्य स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। आयुक्त ने शौचालयों में निरंतर पानी और बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही हाथ धोने के लिए हैंडवॉश उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

21 वॉटरप्रूफ डोम में ठहरने की व्यवस्था:

अनुयायियों के ठहरने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर कुल 21 वॉटरप्रूफ डोम बनाए गए हैं। इनमें दीक्षाभूमि परिसर में पांच, पीकेवी के स्नातकोत्तर छात्रावास में छह और कुर्वेज हाईस्कूल में चार डोम शामिल हैं। इसके अलावा आईटीआई, जिला मलेरिया कार्यालय, उंटखाना, अंबाझरी, बेजनबाग और ड्रैगन पैलेस सहित अन्य स्थानों पर भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक डोम में लगभग एक हजार लोगों के ठहरने की क्षमता बताई गई है।

1,235 अस्थायी शौचालय, 120 पेयजल केंद्र:

मनपा ने विभिन्न स्थानों पर 1,235 अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की है। इनके आसपास हाथ-पैर धोने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। कृपलानी चौक से लक्ष्मीनगर चौक तथा दीक्षाभूमि चौक से काचीपुरा चौक तक 120 नलों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

अनुयायियों की सुविधा के लिए अंबाझरी तालाब के आसपास, आईटीआई और सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग परिसर में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग स्नानगृह बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक श्रेणी के लिए 50 स्नानगृहों की व्यवस्था की जा रही है।

24 घंटे चिकित्सा और सफाई सेवा:

दीक्षाभूमि और आसपास के प्रमुख स्थानों पर मनपा के स्वास्थ्य दल तैनात रहेंगे। अनुयायियों को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस तक मनपा की बस सेवा भी संचालित होगी, जबकि काचीपुरा पुलिस चौकी के पास ‘आपली बस’ सेवा की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा मनपा के स्कूलों में भी अनुयायियों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी।

पूरे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए घनकचरा व्यवस्थापन विभाग के सफाई कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे। मनपा आयुक्त ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और अनुयायियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

Popular Articles