spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एनसीपी का युवा नेतृत्व पर जोर

– चंद्रपाल चौकसे रामटेक और पूर्व अध्यक्ष राऊत उमरेड विस के समन्वयक नियुक्त

सचिन चौरसिया,रामटेक :- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने युवाओं को संगठन में अधिक अवसर देने और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे की पहल पर आयोजित निर्वाचन क्षेत्रवार बैठक में विधानसभा क्षेत्र के समन्वयकों की नियुक्ति की घोषणा की गई। इसके तहत पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चंद्रपाल चौकसे को रामटेक विधानसभा क्षेत्र तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार राऊत को उमरेड विधानसभा क्षेत्र का समन्वयक नियुक्त किया गया।

नियुक्ति के बाद प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रपाल चौकसे ने युवाओं से पार्टी का नेतृत्व संभालने और उज्ज्वल भविष्य के लिए सक्रिय रूप से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए पार्टी ने कई योजनाओं और विचारों पर काम किया है। अब इन विचारों को अमल में लाने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से बेरोजगार युवाओं से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। दोनों समन्वयकों को विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के नए नेतृत्व को तैयार करने, जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में युवाओं को उम्मीदवार बनाने और ग्राम पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करना तथा स्थानीय पदाधिकारियों और पार्टी के कार्यक्रमों में नई ऊर्जा का संचार करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि दोनों समन्वयक इन जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाएंगे और संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे। चंद्रपाल चौकसे ने अपनी नियुक्ति का श्रेय सांसद प्रफुल्ल पटेल और राजेंद्र जैन को दिया।

Popular Articles