spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

रेल मार्ग से आया 3.09 करोड़ का सोना पकड़ा

– नागपुर रेलवे स्टेशन पर डीआरआई की कार्रवाई, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से तस्करी

नागपुर :- बांग्लादेश से भारत लाए गए विदेशी सोने की रेलमार्ग के जरिए तस्करी का मामला सामने आया है। राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम ने नागपुर के मध्यवर्ती रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक यात्री को इस सोने के साथ पकड़ा। उसके पास से 2.165 किलो सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ 9 लाख रुपए बताई गई है। जब्त सोने में विदेशी बनावट की 16 सोने की ईंटें शामिल हैं।

डीआरआई अधिकारियों को भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए सोने की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर अधिकारियों को जानकारी मिली कि ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 12102) से एक यात्री तस्करी का सोना लेकर नागपुर पहुंच रहा है। सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाकर संदिग्ध यात्री को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से विदेशी बनावट की 16 सोने की ईंटें बरामद हुईं।अधिकारियों के मुताबिक, सोने की ईंटों पर मौजूद मूल निशान और मुहरों को मिटा दिया गया था। इनका कुल वजन 2.165 किलो और बाजार मूल्य करीब 3.09 करोड़ रुपए है। पूछताछ में आरोपी ने सोना स्वीकार करने और आगे वितरण के लिए उसे छिपाकर ले जाने की बात कबूल की। सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सोना जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।

टेप में लपेटकर पुराने अखबारों में छिपाया

तस्करी के लिए आरोपी ने सोना छिपाने की अजीब तरकीब अपनाई थी। उसने सोने की ईंटों को भूरे रंग की चिपकने वाली टेप से कसकर लपेटा और इसके बाद उन्हें पुराने अखबारों में पैक कर दिया था। जांच के दौरान डीआरआई के अधिकारियों ने इस तरीके का खुलासा किया।

…तस्करी के पूरे नेटवर्क की तलाश

डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना बांग्लादेश से भारत में किस रास्ते से लाया गया था। इसके अलावा तस्करी की इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और सोना आगे किसे सौंपा जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

Popular Articles