– 13 अगस्त को डब्ल्यूसीएल मुख्यालय के बाहर करेंगे आंदोलन
नागपुर :- वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) में अप्रेंटिसशिप पूरी करने के बावजूद रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने अब आंदोलन का निर्णय लिया है। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर 13 अगस्त 2026 को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक डब्ल्यूसीएल मुख्यालय, नागपुर में प्रदर्शन करेंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने डब्ल्यूसीएल में अप्रेंटिसशिप के माध्यम से प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव हासिल किया है, लेकिन प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में डब्ल्यूसीएल में अप्रेंटिसशिप पूरी कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार, प्रशिक्षित युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर तत्काल सकारात्मक निर्णय तथा उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए रोजगार संबंधी नीति तैयार करना शामिल है। आयोजकों के अनुसार प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आंदोलन की सूचना डब्ल्यूसीएल के सीएमडी कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, डीसीपी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सदर पुलिस थाना और गिट्टीखदान पुलिस थाना को दी गई है। आयोजकों ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।
बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील
आंदोलन की तैयारी में रिया येलणे, रविना गेडाम, स्नेहल चव्हाण, अंकिता केनवरीया, ऐश्वर्या मेश्राम, गोपाल हंबर्डे, दिनेश राऊत, आशीष नावडे, मोनिका मून, हेमलता माचियां, सूर्यकांत वांढरे, गणेश ताजणे, अंकुश कावे, रोहन सोनटक्के, निखिल सोनटक्के, यश सावरकर, ऋषिकेश नीतनावते, सौरभ मोहतकर, वृषान अली, विपुल काशीवार और कुणाल वऱ्हाटे सहित कई अभ्यर्थी सक्रिय हैं। भारतीय अप्रेंटिस संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील निर्मलकर और गणेश ताजणे ने कहा कि रोजगार प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का अधिकार है। उन्होंने सभी पात्र अप्रेंटिस अभ्यर्थियों से 13 अगस्त को डब्ल्यूसीएल मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को मजबूती से रखने की अपील की है।





