– क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने की कार्रवाई
नागपुर :- नागपुर पुलिस की अपराध शाखा यूनिट-1 ने विशेष अभियान चलाकर तड़ीपार आदेश का उल्लंघन कर शहर में रह रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को सुबह 5 बजे से 9 बजे तक अपराध शाखा यूनिट-1 और कंट्रोल रूम की आरसीपी टीम-1 ने संयुक्त रूप से प्रताप नगर और बजाज नगर थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान तड़ीपार किए गए व्यक्तियों के घरों पर जांच की गई। कार्रवाई के दौरान प्रताप नगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर और संत तुकडोजी नगर से राहुल धनराज हाथीवेंड (30), अंकुश किशोर जमरे (30), साहिल राजेश हाथीवेंड (22) और शंकर लेकराम पंचेश्वर (29) अपने घरों में बिना अनुमति रहते हुए पाए गए। वहीं, बजाज नगर थाना क्षेत्र के दंतेश्वरी झोपड़पट्टी, ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल के पीछे रहने वाले अशफाक मुनीर अंसारी (26) भी बिना अनुमति अपने घर पर मिला। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-1 के आदेशानुसार दो वर्ष के लिए नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद बिना वैध अनुमति शहर में रहकर उन्होंने तड़ीपार आदेश का उल्लंघन किया। इस पर प्रताप नगर और बजाज नगर पुलिस थानों में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाड़े, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रशांत ठवरे, सहायक पुलिस निरीक्षक राजाभाऊ जाधव तथा अपराध शाखा यूनिट-1 एवं आरसीपी टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से की।





