नई दिल्ली :- डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.51 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की है। इस मामले में बैंकॉक जाने की तैयारी कर रहे सात यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी विदेशी मुद्रा को कथित तौर पर अवैध तरीके से भारत से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद DRI की टीम ने 6 नवंबर की सुबह एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान बैंकॉक जाने वाली उड़ान में सवार होने से ठीक पहले सात यात्रियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके शरीर, हैंड बैगेज और चेक-इन किए गए सामान से बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
डॉलर और पाउंड शामिल
DRI के अनुसार, बरामद विदेशी मुद्रा में अमेरिकी डॉलर और ब्रिटिश पाउंड शामिल थे, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 3.12 करोड़ रुपये आंकी गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करेंसी छिपाने के लिए कई तरीके अपनाए थे। नोटों को ट्रॉली बैग और नोटबुक में बनाए गए गुप्त खानों, जूतों तथा चेक-इन बैगेज में रखे कपड़ों की जेबों में छिपाया गया था। कुछ विदेशी मुद्रा हैंड बैगेज और चेक-इन सामान के भीतर गहराई में छिपाई गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए यात्री विदेशी मुद्रा के कानूनी स्वामित्व और उसे अपने पास रखने से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सातों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ कस्टम एक्ट और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के प्रावधानों के कथित उल्लंघन के तहत मामला दर्ज किया गया है।






