– साढ़े पांच तोला सोना बेचकर खरीदा महंगा फोन
नागपुर :- महंगे मोबाइल फोन का शौक पूरा करने के लिए एक बहू द्वारा अपनी ही सास के सोने के गहने चुराकर बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बहू ने करीब साढ़े पांच तोला (53 ग्राम) सोने के गहने चोरी कर उन्हें बेच दिया और मिली रकम से अपने लिए महंगा आईफोन खरीद लिया। हैरानी की बात यह है कि उसने करीब छह महीने तक इस मामले को परिवार से छिपाए रखा। सास की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शांतिनगर थाना क्षेत्र निवासी राधा राजू वर्मा के घर से सोने के गहने गायब हो गए थे। उनकी बहू ग्रंथाली आकाश वर्मा पर आरोप है कि उसने घर में रखे करीब 53 ग्राम सोने के गहने धीरे-धीरे चोरी कर लिए। बाद में उन्हें बेचकर मिली रकम से आईफोन खरीद लिया। बताया जाता है कि सास और बहू के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। इसी दौरान बहू कभी-कभी मायके भी जाती थी। उसने छह महीने तक गहनों की चोरी की बात अपने पति और सास से छिपाए रखी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक विवाह समारोह में जाने के लिए राधा वर्मा ने अपनी अलमारी से गहने निकालने चाहे। अलमारी में गहने नहीं मिलने पर उन्होंने घर में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने शांतिनगर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी चोरी के मामले में नाम आने का दावा
पुलिस जांच के दौरान ग्रंथाली वर्मा के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ अपने भाई के घर में चोरी के आरोप में अंबाझरी पुलिस थाने में भी मामला दर्ज है।
फिलहाल शांतिनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस चोरी किए गए गहनों की बिक्री कहां की गई और उनसे प्राप्त रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया, इसकी जानकारी जुटा रही है।






