spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

वैष्णो देवी से बिना दर्शन के लौटने लगे श्रद्धालु

– आपदा में अब तक 34 लोगों की मौत, जम्मू डिवीजन में 58 ट्रेनें रद

श्रीनगर :- माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास पहाड़ खिसकने से दबे श्रद्धालुओं को निकालने का अभियान बुधवार दोपहर तक पूरा कर लिया गया। ट्रैक और मां वैष्णो देवी भवन को खाली करा लिया गया है। आपदा में कुल 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है और करीब 22 श्रद्धालु घायल हैं।

घायलों का कटड़ा के नारायणा अस्पताल में उपचार जारी है। इस घटना के बाद से मां वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के बिना ही लौटने ही घरों को लौटने लगे हैं। हालांकि चार हजार से अधिक श्रद्धालु कटड़ा में ही यात्रा शुरू होने के लिए इंतजार कर रहे हैं। वहीं, मंगलवार सुबह साढ़े आठ से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक उधमपुर में 629.4 मिलीमीटर और जम्मू में 296 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक दिन में वर्षा का रिकॉर्ड है। पिछले दो दिन में प्रदेश में भारी वर्षा, बाढ़ व भूस्खलन से कुल 42 लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, जम्मू की अखनूर तहसील के परगवाल में चिनाब नदी के पास एक सीमांत चौकी में फंसे बीएसएफ के सात जवानों को मंगलवार रात को ग्रामीणों ने बचा लिया गया, जबकि एक बीएसएफ जवान का बुधवार सुबह शव बरामद हुआ। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ के वाढवन में भी मंगलवार रात बादल फटने से आई बाढ़ में 10 मकान बह गए।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिला में लिद्दर नदी में फंसे 22 लोगों को एसडीआरएफ के जवानों ने बचाया। शेषनाग नाले में आई बाढ़ ने पहलगाम में चार इमारती ढांचों को नुकसान पहुंचाया। कुलगाम, पुलवामा, शोपियां और श्रीनगर के अलावा बड़गाम और गांदरबल में भी वर्षा हुई है।

खतरे के निशान पर पहुंची झेलम

बुधवार दोपहर बाद जम्मू में मौसम में सुधार तो आया, लेकिन कश्मीर में लगातार वर्षा से झेलम समेत कई नदी-नालों का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया। इससे श्रीनगर के राजबाग में पानी भर गया। पुलिस ने वहां से लोगों को बाहर निकाला। अनंतनाग के अच्छाबल में भी कई जगह नदी का पानी लोगों के घरों में दाखिल हो गया। इस दौरान दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई।

मृतकों के परिजनों को मुआवजे का एलान

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक श्रद्धालु के परिवार को नौ लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। वहीं जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हर मृतक के परिवार को छह लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा की चेतावनी के बावजूद तीर्थयात्रियों को क्यों नहीं रोका। इसकी जांच होनी चाहिए।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.