देह व्यापार का पर्दाफाश : इमारत के 11 कमरे एक साल के लिए सील

0
53

नागपुर :- नागपुर के लकड़गंज क्षेत्र में देह व्यापार के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है।

पाटिल बंधुओं की मालकी वाली एक इमारत के 11 कमरों को शुक्रवार, 17 अक्टूबर को ताला लगाकर सील कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के आदेशानुसार की गई। बताया गया है कि इन कमरों में देह व्यवसाय चलाए जाने की पुष्टि होने के बाद अनैतिक व्यापार (प्रतिबंध) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान दो पंचों की उपस्थिति में तल मंजिल के सभी 11 कमरों पर ताले लगाए गए। इस सीलिंग ऑपरेशन को पूरी पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अंजाम दिया गया। इमारत को अब एक वर्ष की अवधि तक सील रखा जाएगा ताकि अवैध गतिविधियों को दोबारा शुरू न किया जा सके। यह कार्रवाई डीसीपी राहुल मदने और एसीपी शिवप्रसाद पारवे के मार्गदर्शन में की गई। लकड़गंज पुलिस थाने के थानेदार साईनाथ रामोड के निर्देश पर हवलदार रामदास नरेकर, ईश्वरदास मोहेकर, और संगीता लांडे ने टीम बनाकर पूरी प्रक्रिया संपन्न की। पुलिस ने बताया कि इमारत की निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि दोबारा शुरू न हो।

नागपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में देह व्यापार, मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अनैतिक व्यापार (प्रतिबंध) अधिनियम, 1956 के तहत यह कार्रवाई शहर में अब तक हुई प्रमुख सीलिंग कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आने वाले दिनों में इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी और अधिक कड़ी की जाएगी, और दोषियों पर कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।