– भंडारा–नागपुर रूट पर गश्त के दौरान खुला तस्करी का राज़, तीनों आरोपी पकड़े गए
नागपुर :- दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने ऑपरेशन नाकोंस के तहत ट्रेन 20857 पुरी-शिर्डी एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच में सफर कर रहे 3 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया. आरपीएफ ने उनके कब्जे से लगभग 50.258 किलोग्राम गांजा बरामद किया. इसकी बाजार कीमत करीब 25,12,900 रुपये आंकी गई. आरोपियों के नाम सातानाला, ओडिशा निवासी नीलू गौड़ा और चंदौली, यूपी निवासी शुभम गुप्ता और अमन गुप्ता बताए गए हैं. उक्त ट्रेन में आरपीएफ की टीम भंडारा से नागपुर के बीच गश्त कर रही थी. तभी ए। और ए2 में सफर कर रहे यात्रियों के ट्राली बैग में कुछ संदिग्ध महसूस हुआ. पूछताछ करने पर तीनों यात्री संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. संदेह बढ़ने पर आरपीएफ नागपुर की सीआईबी, गोंदिया एवं नागपुर मंडल टास्क टीम ने तीनों संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया.
इतवारी में उतारे आरोपी
तीनों के पास रखे बैगों की जांच करने पर भारी मात्रा में गांजा मिला. आगे की कार्यवाही के लिए मामला, जब्त माल और तीनों आरोपियों को इतवारी लोहमार्ग पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. यह कार्रवाई जोन के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर मुन्नवर खुशर्शीद और नागपुर मंडल के सीनियर डीएससी दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में की गई.








