– नागरिकों का पीडब्ल्यूडी के खिलाफ रोष
– उचित मार्किंग और फलक लगाने की मांग
नागपुर :- वर्धा रोड स्थित शहीद आदिवासी गोवारी फ्लाईओवर के दोनों ओर रहाटे चौक और जीरो माइल चौक के पास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से हाल ही में बनाए गए स्पीड ब्रेकरों को लेकर नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है. इसे देखते हुए महानगरपालिका ने पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर यहां उचित मार्किंग करने और चेतावनी फलक लगाने को कहा है. पत्र में बताया गया है कि ये स्पीड ब्रेकर बहुत ही असुविधाजनक है और वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं. इसकी वजह से इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है. बड़ी संख्या में नागरिकों ने इस बारे में नागपुर महानगरपालिका और मनपा आयुक्त को शिकायतें भेजी हैं. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी इन स्पीड ब्रेकरों को लेकर तीखी आलोचना हो रही है. नागरिकों का कहना है कि मानक से बड़े और ऊंचे स्पीड ब्रेकरों के कारंण अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे वाहन चालक और दोपहिया सवारों को चोटें लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं. महानगरपालिका के कार्यकारी अभियंता (यातायात) ने इस मामले में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या ये स्पीड ब्रेकर विभाग की अनुमति से और भारतीय रोड कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों के अनुसार बनाए गए हैं. साथ ही, उन्होंने इन स्थानों पर उचित मार्किंग और चेतावनी फलक लगाने को भी कहा है।




