– जी -20 सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना हो गए। नई दिल्ली से जोहान्सबर्ग रवाना हुए पीएम मोदी जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। उनकी इस यात्रा से पहले विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी सुधाकर दलेला ने कहा कि भारत और ग्लोबल साउथ से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को जी-20 शिखर सम्मेलन में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेताओं की घोषणा (लीडर्स डिक्लेरेशन) में क्या शामिल होगा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन भारत की प्राथमिकताओं को पूरा महत्व मिलेगा। यह लगातार चौथा वर्ष है जब जी-20 शिखर सम्मेलन ग्लोबल साउथ के किसी देश में हो रहा है। दलेला ने बताया कि पहली बार यह सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित हो रहा है, जिससे अफ्रीका और विकासशील देशों के मुद्दों पर वैश्विक ध्यान बढ़ेगा। गौरतलब है कि 2023 में नई दिल्ली में हुए जी-20 सम्मेलन में अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता मिली थी। दक्षिण अफ्रीका इस वर्ष समूह की अध्यक्षता कर रहा है और 20वां शिखर सम्मेलन जोहानसबर्ग में होगा। प्रधानमंत्री मोदी 21 से 23 नवंबर तक वहां रहेंगे। उनके कई द्विपक्षीय कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, जिनके विवरण तय किए जा रहे हैं। दलेला ने बताया कि यह प्रधानमंत्री की दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा होगी। इससे पहले वह 2016 में द्विपक्षीय यात्रा और 2018 व 2023 में ब्रिक्स सम्मेलन के लिए गए थे।








