– बस ने कुचला, 4 की मौत,13 से ज्यादा पैदल यात्री बस की चपेट में
मुंबई :- भांडुप (पश्चिम) स्टेशन रोड पर सोमवार रात करीब 9:30 बजे बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस (एमएच 01 सीवी 8515) से भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना उस समय हुई जब ड्राइवर बस को रिवर्स (पीछे) कर रहा था। इसी दौरान 13 से ज्यादा पैदल यात्री बस की चपेट में आ गए। हादसे में तीन महिलाओं सहित चार लोगों को मौत हो गई है। एक महिला सहित 9 लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और बेस्ट कर्मचारियों ने भी मदद की। 108 एंबुलेंस से घायल अस्पताल पहुंचाए गए। बस के ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। हादसे के बाद भांडुप स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात नियंत्रित किया और नागरिकों को सुरक्षित दूरी पर रखा। पुलिस उपायुक्त हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। विशेष रूप से यह जांच की जा रही है कि बस को रिवर्स लेते समय ड्राइवर ने सुरक्षा नियमों का पालन किया था या नहीं। शाम के समय स्टेशन रोड पर भारी भीड़ होती है।








