नागपुर :- ठंड का मौसम फ्लाइट्स के लिए हर दिन मुश्किलें बढ़ा रहा है. रविवार को नागपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लेट होने का जो सिलसिला शुरु हुआ वो रात तक जारी रहा. एक-दो नहीं बल्कि 15 से अधिक फ्लाइट अपने निर्धारित समय से लेट हुई. फ्लाइट के लगातार लेट होने से हवाई सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. यात्री नाराजगी को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर रहे हैं. वैसे दिल्ली और उत्तर भारत में कोहरे के कारण पिछले कई दिनों से फ्लाइट्स प्रभावित हो रही हैं. अचानक से फ्लाइट्स के लेट या कैंसल हो जाने से यात्री मुश्किल में फंस जाते है. ठंड और कोहरे की वजह से केवल दिल्ली या उत्तर भारत ही नहीं बल्कि नागपुर से देश की अन्य शहरों की फ्लाइट भी घंटों लेट हो रही. रविवार को नागपुर-दिल्ली के बीच 8 फ्लाइट लेट हुई, जिसमे कुछ तो अपने यात्रा के समय से कहीं अधिक यानी कि 2-3 घंटे लेट रही. कुछ यही हाल मुंबई, पुणे, गोवा और इंदौर की फ्लाइट का भी रहा.








