– ₹1.8 लाख पहुंची सोने की कीमत
मुंबई :- आज सोने और चांदी की कीमतों ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। वायदा कारोबार में चांदी की कीमत गुरुवार 29 जनवरी को 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई, जबकि सोने का भाव 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया। निवेशकों की मजबूत मांग तेजी की प्रमुख वजह रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के मार्च में सप्लाई वाले कॉन्ट्रैक्ट का वायदा भाव 22,090 रुपये या 5.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,07,456 रुपये प्रति किलोग्राम के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया।
इंटरनेशनल मार्केट में कितना पहुंचा रेट?
सोने के वायदा भाव में भी तेजी है। एमसीएक्स पर फरवरी में आपूर्ति वाले कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 14,586 रुपये या 8.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,80,501 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स बाजार पर सोने के वायदा भाव ने पहली बार 5,600 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार कर दिया। अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने का भाव 286.6 डॉलर या 5.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,626.8 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
कॉमेक्स में चांदी का भाव कितना पहुंचा?
कॉमेक्स बाजार में चांदी के वायदा भाव में भी तेजी रही और यह 119.51 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। विश्लेषकों का कहना है कि चांदी की औद्योगिक मांग में तेजी और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने चांदी को और अधिक समर्थन दिया जो हाल के सत्रों में सोने से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अनिश्चितताओं और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच व्यापारियों द्वारा लगातार सुरक्षित निवेश के रूप में की जा रही खरीदारी से सोने की कीमतों में तेजी जारी रही।
इस साल कितने बढ़े रेट?
इस साल सोने की कीमत में 27% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 2025 में इसमें 64% की उछाल आई थी। वहीं चांदी की कीमत में इस साल अब तक 60% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। बुलियन की कीमतों में यह तेजी मजबूत सेफ-हेवन डिमांड, सेंट्रल बैंक की लगातार खरीदारी और कमजोर डॉलर की वजह से आई है।








