spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

14 घरकुल लाभार्थियों के हड़पे 16.80 लाख

– धामणगांव रेलवे पंचायत समिति के तीन कर्मी नामजद

अमरावती :- धामणगांव रेलवे पंचायत समिति में कार्यरत तीन कंत्राटी (ठेका) कर्मचारियों द्वारा 14 घरकुल लाभार्थियों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर 16 लाख 80 हजार रुपए की राशि हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। इसके साथ ही आरोपियों ने मनरेगा मस्टर में भी फर्जी मजदूर दिखाकर 2 लाख 70 हजार 830 रुपए का गबन किया है। इस प्रकरण में दत्तापुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से सनसनी मचने के साथ ही सरकारी योजनाओं में किस तरह गड़बड़ी हो रही है, इसको लेकर हैरत जताई जा रही है। शिकायतकर्ता का नाम डॉ. प्रफुल्ल गुलाबराव भोरखडे (धामणगांव रेलवे) है। वे धामणगांव रेलवे पंचायत समिति में गट विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। आरोपियों के नाम आशीष केशवराव लोटकर (पुष्कर्णा नगर, धामणगांव रेलवे), शिवदास प्रमोद राठोड (पुसद, जिला यवतमाल) और प्रवीण नारायण शेंडे (तलेगांव दशासर) हैं। तीनों आरोपी पंचायत समिति कार्यालय में कंत्राटी डाटा ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने तलेगांव दशासर ग्राम पंचायत क्षेत्र के 14 घरकुल लाभार्थियों के नाम पर कंप्यूटर सिस्टम में फर्जी एन्ट्रीयां कीं। उल्लेखनीय है कि ये सभी लाभार्थी घरकुल योजना की प्रतीक्षा सूची में थे। आरोपियों ने 23 मई 2022 से 21 अक्टूबर 2023 की अवधि में लाभार्थियों के नाम पर घरकुल की राशि स्वीकृत दर्शाई। इतना ही नहीं आरोपियों ने मनरेगा मस्टर में भी फर्जी मजदूर दिखाकर कई मजदूरों के नाम पर 2 लाख 70 हजार 830 रुपये की राशि हड़प ली। घरकुल का लाभ न मिलने से परेशान 14 लाभार्थियों ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित संबंधित सरकारी कार्यालयों में लगातार शिकायतें दर्ज कराई थी।

Popular Articles