नागपुर :- ऑटो रिक्शा में गांजा की सप्लाई करने के लिए आए 2 आरोपियों को यशोधरानगर पुलिस ने दबोच लिया. उनसे माल लेने आया आरोपी भागने में कामयाब हो गया. पुलिस ने आरोपियों से गांजा और 2 वाहन जब्त किए हैं. पकड़े गए आरोपियों में गरीब नवाजनगर निवासी शेख इरशाद शेख अहमद (42) और बड़ा ताजबाग निवासी अनवर अली शौकत अली (25) का समावेश है. मंगलवार की रात 11.30 बजे के दौरान यशोधरानगर थाने के इंस्पेक्टर प्रमोदकुमार बघेले और पीएसआई सदाशिव कणसे अपनी टीम के साथ परिसर में गश्त कर रहे थे. एकता कॉलोनी ग्राउंड के समीप पुलिस को एक ऑटो रिक्शा और दोपहिया वाहन पर सवार लोगों की गतिविधि संदेहास्पद लगी. जैसे ही पुलिस उनके पास गई, 1 व्यक्ति वहां से दोपहिया वाहन छोड़कर भाग निकला. इरशाद और अनवर को पुलिस ने पकड़ लिया. ऑटो रिक्शा की तलाशी लेने पर पुलिस को 5 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने एमएच 49-बीएम.0843 नंबर का ऑटो, दोपहिया वाहन क्र. एमएच.49-सीए.2539 और गांजा सहित 3.87 लाख रुपये का माल जब्त किया. पूछताछ में दोनों ने फरार होने वाले आरोपी का नाम मोमिनपुरा निवासी मन्नू बताया. मन्नू लंबे समय से गांजा बिक्री के धंधे में सक्रिय है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.








